CCPL-3 की ट्रॉफी और टीम जर्सी लॉन्च, 3 जून से नवा रायपुर में होगा क्रिकेट का महासंग्राम

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रेमियों के लिए बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) के तीसरे संस्करण की तैयारियां तेज हो गई हैं। आज एक भव्य कार्यक्रम में CCPL-3 की ट्रॉफी और सभी टीमों की नई जर्सी लॉन्च की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के पदाधिकारी, पूर्व क्रिकेटर, खिलाड़ी और खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आगामी 3 जून से 14 जून 2026 तक नवा रायपुर स्थित Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे। पिछले दो सफल सीजनों की तरह इस बार भी लीग में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह दमदार टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें रायपुर राइनोज, राजनांदगांव पैंथर्स, बिलासपुर बुल्स, सरगुजा टाइगर्स, रायगढ़ लायंस और बस्तर बायसंस शामिल हैं।
सीसीपीएल को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच : विजय शाह
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर Vijay Shah ने कहा कि सीसीपीएल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि गत वर्ष कई खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बड़े स्तर पर पहचान मिली और आईपीएल ऑक्शन तक पहुंचने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि सीएससीएस लगातार प्रयास कर रहा है कि हर सीजन में सीसीपीएल का स्तर और ऊंचा हो तथा कमियों को दूर करते हुए इसे एक शानदार क्रिकेट लीग बनाया जाए।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी जल्द अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलते दिखाई देंगे – बलदेव भाटिया
सीएससीएस के डायरेक्टर Baldev Singh Bhatia ने रायपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मुकाबलों की सफलता पर पूरी आयोजन टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है और संघ की इच्छा है कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचकर राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि सीसीपीएल खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म है और युवाओं को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए।
पूर्व सीपीएल अध्यक्ष Pramod Shankar Sharma ने कहा कि केवल दो से तीन वर्षों में ही सीसीपीएल ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ क्रिकेट के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ-साथ सपोर्टिंग स्टाफ को भी अच्छा मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में छत्तीसगढ़ को कई बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी मिली है और आने वाले समय में प्रदेश क्रिकेट के क्षेत्र में और अधिक पहचान बनाएगा।
भूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर Rajesh Chauhan ने खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ बेहतर कार्य कर रहा है, अब खिलाड़ियों को भी खुद को साबित करने की आवश्यकता है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को खेल की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए कहा कि क्रिकेट की असली पहचान टेस्ट प्रारूप से ही बनी रहती है।
राजेश चौहान ने मुख्य कोच Amay Khurasiya की सराहना करते हुए कहा कि वे देश के बेहतरीन कोचों में शामिल हैं और उनके मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने अमय खुरासिया जैसे अनुभवी कोच को मुख्य कोच नियुक्त करने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में Mohan Das, Ventish Agrawal, Sumit Gupta, Mukul Tiwari, Ajay Tiwari और Gurucharan Singh Makhija सहित कई पदाधिकारी, खिलाड़ी और पत्रकार उपस्थित रहे।






