भूपेश बघेल के पूर्व PA केके चंद्रवंशी के घर ED का छापा, सुबह-सुबह पहुंची टीम; दस्तावेजों की जांच जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व पीए केके चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित आवास पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की है। तड़के सुबह दो गाड़ियों में पहुंची ईडी की टीम घर के अंदर दस्तावेजों की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ईडी के करीब 8 अधिकारी दो वाहनों से पुरानी भिलाई स्थित केके चंद्रवंशी के निवास पहुंचे। टीम ने घर के अंदर प्रवेश करने के बाद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती भी की गई है।
किस मामले में कार्रवाई, आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की यह कार्रवाई किस मामले या जांच से जुड़ी हुई है। एजेंसी की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। टीम की कार्रवाई फिलहाल जारी है।
राजनीतिक हलचल बढ़ने के आसार: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व पीए के आवास पर ईडी की कार्रवाई के बाद प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं। हालांकि, कार्रवाई के पीछे की वजह और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
ईडी की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई किस मामले से संबंधित है और टीम को जांच के दौरान क्या-क्या मिला। फिलहाल अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और जांच जारी है।



