छत्तीसगढ़

CG NEWS: जल जीवन मिशन पर भुगतान का संकट: ₹2,000 करोड़ की मांग को लेकर ठेकेदारों का रायपुर में प्रदर्शन, सरकार बोली – 100% काम पूरा करने वाले को राशि दे रहे

रायपुर। जल जीवन मिशन (JJM) के तहत लंबित भुगतान को लेकर सोमवार को प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों ठेकेदारों ने राजधानी रायपुर स्थित मिशन कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। ठेकेदारों का आरोप है कि करीब 2,000 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है और पिछले दो वर्षों से रनिंग बिलों का भुगतान नहीं हुआ, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में जल जीवन मिशन के कार्य बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर जिले में आंदोलन किया जाएगा। कुछ ठेकेदारों ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में घरों तक पानी पहुंच रहा है, वहां कनेक्शन काटने, बोर मशीन हटाने और पाइपलाइन निकालने जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं ताकि सामग्री बेचकर कर्ज चुकाया जा सके।

ठेकेदारों ने जल जीवन मिशन के प्रबंध संचालक (एमडी) पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बार-बार नियम बदले जाते हैं और काम पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं किया जाता।

इस मामले पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत बड़े पैमाने पर कार्य हुए हैं और ठेकेदारों को समय-समय पर भुगतान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नियम-निर्देशों के अनुसार ही भुगतान किया जाएगा। राज्य सरकार ठेकेदारों के भुगतान को लेकर गंभीर है तथा जिन ठेकेदारों ने 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया है, उन्हें राशि का भुगतान किया जा रहा है।

फिलहाल ठेकेदार भुगतान की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि सरकार नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया जारी रहने की बात कह रही है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search