छत्तीसगढ़ में 38 जगह बनेंगे ‘सेवा ज्योति चौक’, CM साय ने किया ऐलान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में सेवा ज्योति यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति चौक’ विकसित करने की घोषणा की। रायपुर के प्रमुख तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
रायपुर की चारों विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा
मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद सेवा ज्योति यात्रा रायपुर शहर की चारों विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के माध्यम से सेवा और जनसरोकार से जुड़े संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेशभर में निकली सेवा ज्योति यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई। मुख्यमंत्री साय ने सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।




