छत्तीसगढ़

रायपुर में 25 सितंबर से “पदयात्रा सप्ताह”, विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में 8 दिन चलेगा जनजागरूकता अभियान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प को साकार करने और जनसेवा व जनजागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “पदयात्रा सप्ताह” आयोजित किया जाएगा। विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में होने वाले इस आठ दिवसीय अभियान में नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक आयोजित होगा।

27 वर्षों से पदयात्रा के जरिए जनजागरण

विधायक पुरन्दर मिश्रा के अनुसार, पदयात्रा उनके लिए सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसेवा और जनजागरण का निरंतर संकल्प है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने गृह ग्राम सराईपाली दुर्गापाली से पदयात्रा की शुरुआत की थी और पिछले 27 वर्षों से पदयात्रा के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और समाजहित के मुद्दों पर जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जाता है।

पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण उनके जनजागरण अभियान का प्रमुख संकल्प रहा है। उनके अनुसार, पिछले 26 वर्षों में चलाए गए जागरूकता अभियानों के माध्यम से 22,640 लोगों को नशामुक्ति की दिशा में प्रेरित किया गया है।पदयात्रा सप्ताह के दौरान युवाओं और आम लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

पदयात्रा सप्ताह का शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तेलीबांधा थाना चौक स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा।

माल्यार्पण के बाद पदयात्रा तेलीबांधा से शहीद भगत सिंह चौक, गौरव पथ तक जाएगी। रविग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया जाएगा।

इन मार्गों से गुजरेगी पदयात्रा

  • 25 सितंबर: तेलीबांधा थाना चौक से शहीद भगत सिंह चौक, गौरव पथ।
  • 26 सितंबर: शहीद भगत सिंह चौक से डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा होते हुए कलेक्टोरेट चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तक।
  • 27 सितंबर: कलेक्टोरेट चौक से शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक होते हुए शारदा चौक।
  • 28 सितंबर: शारदा चौक से तात्यापारा चौक, नवीन मार्केट, रामसागर पारा, राठौर चौक होते हुए गुरुनानक चौक।
  • 29 सितंबर: गुरुनानक चौक से मौदहापारा होते हुए फाफाडीह।
  • 30 सितंबर: फाफाडीह चौक से सरदार वल्लभ भाई चौक (लाल चौक)।
  • 1 अक्टूबर: सरदार वल्लभ भाई चौक से पंडरी पुराने बस स्टैंड तक।
  • सभी दिनों पदयात्रा दोपहर 3 बजे से शुरू होगी।

2 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज सभागार में समापन

“पदयात्रा सप्ताह” का समापन 2 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति रहेगी। समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश के मंत्री, विधायक, निगम-मंडल एवं आयोगों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।इस दौरान अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का सम्मान भी किया जाएगा।

जनभागीदारी का आह्वान

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों से पदयात्रा सप्ताह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों की समस्याओं और सुझावों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search