CG NEWS: धान नहीं बिकने से परेशान किसान ने की आत्महत्या की कोशिश, जहर पीने से पहले बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

जांजगीर। धान की बिक्री नहीं होने से आर्थिक तंगी झेल रहे एक किसान ने जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया है। किसान ने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जहर पीने से पहले बनाया वीडियो
मिली जानकारी के अनुसार, किसान लंबे समय से धान की बिक्री नहीं होने से परेशान था। इसी मानसिक तनाव में उसने जहर पीने का फैसला किया। जहर पीने से पहले किसान ने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा और मजबूरी को बयां किया, जो घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बिलासपुर अस्पताल में चल रहा इलाज: जहर पीने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने किसान को तत्काल इलाज के लिए बिलासपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
अकलतरा के सांकर गांव का मामला
यह पूरा मामला विकासखंड के सांकर गांव का बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर धान खरीदी, भुगतान और किसानों की आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।



