Latest News: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का भरपूर स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं: सरकार

रायपुर। Chhattisgarh में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताते हुए कहा है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम लोगों को किसी भी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार के अनुसार राज्य में वर्तमान समय में 3 करोड़ 28 लाख 68 हजार लीटर पेट्रोल तथा 7 करोड़ 75 लाख 71 हजार लीटर डीजल उपलब्ध है।
सरकार ने बताया कि बढ़ती मांग के बावजूद प्रदेशभर में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। खाद्य विभाग के संचालक ने आज सभी ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उन पेट्रोल पंपों को प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जहां स्टॉक कम होने की स्थिति बन रही है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल पंप संचालित हैं। बीते 13 और 14 मई को अचानक मांग बढ़ने के कारण पेट्रोल की खरीद में 43 प्रतिशत तथा डीजल की खरीद में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं कृषि कार्यों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की मांग लगातार बढ़ रही है।अधिकारियों के अनुसार Lakholi, Mandir Hasaud और Gopalpur स्थित ऑयल डिपो से लगातार जिलों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जा रही है। स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए रविवार के अवकाश के दिन भी डिपो संचालित किए गए और करीब 370 टैंकरों के माध्यम से विभिन्न जिलों तक ईंधन पहुंचाया गया।
राज्य सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों या भ्रम की स्थिति में पैनिक बाइंग अथवा अनावश्यक भंडारण न करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त आपूर्ति लगातार जारी रहेगी।



