राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान: सीएम साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अपील, 0 से 5 साल के हर बच्चे को पिलाएं पोलियो की दो बूंद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए यह छोटी-सी सावधानी बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पोलियो की दो बूंद केवल एक दवा नहीं, बल्कि बच्चों को गंभीर बीमारी और आजीवन दिव्यांगता से बचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों को पोलियो बूथ तक लेकर जाए और यह भी सुनिश्चित करे कि आसपास का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी प्रदेश के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद जीवन की अवश्य पिलाएं।
उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर और अपंगता का कारण बनने वाली बीमारी है, जिसका सबसे प्रभावी बचाव समय पर पोलियो की खुराक दिलाना है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही प्रदेश और देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



