छत्तीसगढ़ में तीन और संभागों के लिए एल्डरमैन नियुक्त, नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी किए आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के बस्तर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में नामांकित पार्षद (एल्डरमैन) नियुक्त कर दिए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने गुरुवार को इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए।
सरकार ने छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 और छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया है। आदेश के अनुसार, ये नियुक्तियां आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।
जारी आदेशों में तीनों संभागों के अंतर्गत आने वाले नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए बड़ी संख्या में नामांकित पार्षदों के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें बस्तर संभाग के जगदलपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर और नारायणपुर सहित विभिन्न निकाय, बिलासपुर संभाग के बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, मुंगेली, जीपीएम और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के निकाय तथा दुर्ग संभाग के दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के नगरीय निकाय शामिल हैं।



