राजिम को मिला नगर पालिका का दर्जा, राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दे दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। नई अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान राजिम नगर पंचायत की सीमाएं ही नगर पालिका की सीमाएं रहेंगी।
नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद राजिम के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस फैसले से नगर निकाय को अधिक वित्तीय संसाधन और प्रशासनिक अधिकार प्राप्त होंगे, जिससे शहर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से राजिम के सुनियोजित शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी। नगर पालिका बनने से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंच सकेगा। सरकार का उद्देश्य राजिम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित नगर के रूप में आगे बढ़ाना है।
राज्य शासन के इस फैसले के बाद राजिम में खुशी और उत्साह का माहौल है। लंबे समय से नगर पालिका की मांग कर रहे स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है।




