Janmashtami 2026: गुढ़ियारी में 15 लाख की दही हांडी के लिए मचेगी होड़, बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा बिखेरेंगे जलवा

5 सितंबर को अवधपुरी मैदान में होगा 16वां विशाल दही हांडी उत्सव, कई राज्यों की गोविंदा टोलियां लेंगी हिस्सा
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में 5 सितंबर को भव्य दही हांडी उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के विशेष सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विजेता गोविंदा टोली को 15 लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं आयोजन में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक बी प्राक, अंतर्राष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
कार्यक्रम का आयोजन शनिवार, 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे से अवधपुरी मैदान, दही हांडी उत्सव स्थल, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में किया जाएगा। आयोजन का यह 16वां वर्ष है और इस बार इसे पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है।
कई राज्यों की गोविंदा टोलियां होंगी शामिल
दही हांडी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा सहित अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। समिति के अनुसार अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की करीब 26 गोविंदा टोलियों और महिला गोविंदा टोलियों ने पंजीयन कराया है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टोलियों ने अपना नाम दर्ज कराया है।प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। विजेता टोली को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि अन्य प्रतिभागी टोलियों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।
बी प्राक की आवाज पर झूमेंगे युवा
इस वर्ष दही हांडी उत्सव में धार्मिक आयोजन के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बी प्राक अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से युवाओं का मनोरंजन करेंगे। वहीं लखबीर सिंह लक्खा भक्ति गीतों से माहौल को कृष्णमय बनाएंगे। छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजन में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों के साथ युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।
पुरुष और महिला दही हांडी रहेगी आकर्षण
आयोजन में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। विभिन्न राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां अपने साहस, उत्साह और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के पहुंचने को देखते हुए समिति की ओर से प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं के बैठने की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रतियोगिता के दौरान किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की स्वयं की होगी।
कृष्ण भक्तों से शामिल होने की अपील
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने रायपुरवासियों, युवाओं और कृष्ण भक्तों से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को यादगार बनाएं।
पत्रकार वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।




