छत्तीसगढ़खेल

वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रोत्साहन से मिली सफलता, रायगढ़ की तीन बेटियों ने मलेशिया में जीता कांस्य

रायपुर। रायगढ़ की तीन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस उपलब्धि में रायगढ़ जिले के महलोई क्षेत्र की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर रायगढ़ लौटने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि रायगढ़ की बेटियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और जुझारू प्रदर्शन किया। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी तथा जिला प्रशासन से लगातार सहयोग और प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है।

तीनों खिलाड़ियों की सफलता बनी प्रेरणा

सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया की यह उपलब्धि रायगढ़ की अन्य खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। तीनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिलने पर छत्तीसगढ़ की बेटियां वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।खिलाड़ियों और कोच ने इस उपलब्धि के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search