PM आवास पर भूपेश-विजय आमने-सामने: भूपेश बोले- ‘आवास नहीं बनाए तो जनता ने सजा दे दी’, विजय शर्मा का पलटवार- ‘बात समझ रहे हैं, समझाना कुछ और चाहते हैं’

विजय शर्मा ने कहा – ‘भूपेश बघेल बार-बार गुगली फेंक रहे हैं’
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के मुद्दे को लेकर रायपुर के प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं के बीच पीएम आवास को लेकर बड़ी बहस शुरू हुई। बहस की शुरुआत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पीएम आवास की स्वीकृति, निर्माण और राज्यांश की राशि को लेकर एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए। बहस के दौरान प्रेस क्लब में पुलिस का अतिरिक्त बल भी बुलाया गया।
विजय शर्मा ने कहा- ‘मोर आवास, मोर अधिकार’ आंदोलन हमारा था

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बहस की शुरुआत करते हुए कहा कि ‘मोर आवास, मोर अधिकार’ आंदोलन हमारा था। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए।
विजय शर्मा ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि 25 सितंबर 2023 को कांग्रेस सरकार ने पीएम आवास को स्वीकृति दी थी। उन्होंने दावा किया कि उसी दिन 7 लाख आवास स्वीकृत किए गए, लेकिन इनमें से केवल 84 हजार लोगों को पैसा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में केवल 3 लाख पीएम आवास बनाए।
वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने सबसे ज्यादा पीएम आवास बनाए- विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में पीएम आवास निर्माण में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने देश में सबसे ज्यादा पीएम आवास बनाए। विजय शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 11.75 लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास पूर्ण कर चुकी है।
TS सिंहदेव के इस्तीफे का मुद्दा भी उठा
बहस के दौरान विजय शर्मा ने तत्कालीन विभागीय मंत्री टीएस सिंहदेव के इस्तीफे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पीएम आवास नहीं बनने के कारण टीएस सिंहदेव ने इस्तीफा दिया था।विजय शर्मा ने दावा किया कि टीएस सिंहदेव ने भूपेश बघेल का नाम लिखकर इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा कि पीएम आवास के लिए राज्यांश की राशि नहीं देने के कारण सिंहदेव ने इस्तीफा दिया था।
भूपेश बघेल ने कोरोना काल का दिया हवाला

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विजय शर्मा के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि कोरोना काल में उनकी सरकार ने पीएम आवास की स्वीकृति नहीं दी थी।बघेल ने कहा कि कोरोना के दौरान राज्यों की आर्थिक स्थिति खराब थी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में राज्य सरकारें अपने कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दे पा रही थीं और उनकी सरकार ने आरबीआई से लोन लिया था।भूपेश बघेल ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार ने पीएम आवास के लिए पोर्टल बंद कर दिया था, जिसके कारण आवासों की स्वीकृति और निर्माण प्रभावित हुआ।
18 लाख के दावे पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार के 18 लाख पीएम आवास स्वीकृत करने के दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान अब तक 10 लाख पीएम आवास की स्वीकृति की बात कर चुके हैं। बघेल ने कहा कि सरकार के अनुसार यह आंकड़ा अब 46 लाख तक पहुंच गया है। उन्होंने पीएम आवास के आंकड़ों को लेकर सरकार के दावों पर सवाल खड़े किए।
‘पीएम आवास पर आप राजनीति कर रहे हैं’- भूपेश बघेल
बहस के दौरान भूपेश बघेल ने विजय शर्मा पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘पीएम आवास पर आप राजनीति कर रहे हैं।’इस पर विजय शर्मा ने कहा कि ‘भूपेश बघेल समझ रहे हैं, लेकिन समझाना दूसरा चाहते हैं। ‘विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल लोगों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम आवास के मामले में भूपेश बघेल गलत काउंटिंग कर रहे हैं।विजय शर्मा ने यह भी कहा कि ‘भूपेश बघेल अपने पद अनुरूप बात कहें।
‘पोर्टल बंद होने के दावे पर भी टकराव
बहस के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र के पोर्टल में कांग्रेस सरकार पैसा नहीं डालना चाहती थी। उन्होंने भूपेश बघेल के उस दावे को खारिज किया कि पीएम आवास के लिए केंद्र का पोर्टल बंद था।
विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र का पोर्टल पीएम आवास के लिए बंद नहीं था। उन्होंने भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि ‘भूपेश बघेल बार-बार गुगली कर रहे हैं।
‘विजय शर्मा ने यह भी कहा कि अगर ‘ग्रो़क’ से भी पूछेंगे तो वह सब बता देगा। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल पूरी बात समझ रहे हैं, लेकिन बात को अलग तरीके से पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।
बहस के बीच पुलिस का अतिरिक्त बल बुलाया गया
प्रेस क्लब में दोनों नेताओं के बीच पीएम आवास के मुद्दे पर बहस के दौरान माहौल गरम रहा। स्थिति को देखते हुए प्रेस क्लब में पुलिस का अतिरिक्त बल भी बुलाया गया।
दोनों नेताओं ने पीएम आवास की स्वीकृति, निर्माण, राज्यांश और केंद्र के पोर्टल को लेकर अपने-अपने पक्ष रखे। बहस में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से लेकर वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा पूर्ण किए गए आवासों तक के आंकड़ों पर जमकर चर्चा हुई।
भूपेश बघेल बोले- ‘मैंने पीएम आवास नहीं बनाए तो जनता ने हमें सजा दे दी’
बहस के अंत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल को लेकर कहा कि ‘मैंने पीएम आवास नहीं बनाए तो जनता ने हमें सजा दे दी।’इस तरह रायपुर प्रेस क्लब में पीएम आवास के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच हुई बहस में दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे और तर्क रखे। पीएम आवास की संख्या, स्वीकृति, राज्यांश और कोरोना काल के दौरान पोर्टल को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।




