
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर नगर पंचायत में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां एक साथ 8 भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। नाराज पार्षदों ने अपना त्यागपत्र जिला भाजपा अध्यक्ष को भेज दिया है।
अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से नाराजगी
मिली जानकारी के मुताबिक, पार्षद नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपति की कार्यप्रणाली से नाराज बताए जा रहे हैं। पार्षदों की नाराजगी का प्रमुख कारण क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं होना बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विकास कार्यों को लेकर पार्षद पिछले कुछ समय से नाराज चल रहे थे। इसके बाद सभी 8 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला लिया।
15 पार्षदों वाली नगर पंचायत में BJP बहुमत में
पुसौर नगर पंचायत में कुल 15 पार्षद हैं और भाजपा बहुमत में है। ऐसे में एक साथ 8 पार्षदों के इस्तीफे से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
अब इन इस्तीफों के बाद भाजपा संगठन और नगर पंचायत स्तर पर क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर बनी हुई है। वहीं, पार्षदों के इस्तीफे के बाद नगर पंचायत की आगामी राजनीतिक स्थिति को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।




