चक्रधर समारोह में वित्त मंत्री की बड़ी घोषणा: रायगढ़ में 2 करोड़ से बनेगा कंटेंट क्रिएटर्स स्टूडियो, कला एवं संगीत महाविद्यालय भी खुलेगा

रायगढ़। 41वें चक्रधर समारोह का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की अंतिम कड़ी का शुभारंभ किया और महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना को नमन किया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह ने अपने दौर में कला और संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके संरक्षण और योगदान से रायगढ़ घराने के कथक को देशभर में पहचान मिली। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी समारोह में शामिल होने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। मुख्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित नहीं हो पाने पर खेद व्यक्त किया।रायगढ़ के विकास का रोडमैपओपी चौधरी ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में रायगढ़ में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। राजू नगर में डेयरी, खर्रा घाट में ऑक्सीजोन गार्डन, गजमार पहाड़ और नगर वन के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा मरीन ड्राइव के विकास जैसे कार्य प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा कयाघाट पुल, केवड़ावाड़ी पुल, राजा महल के पास पुल और गोवर्धनपुर पुल सहित सड़क चौड़ीकरण और रिंग रोड से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रयास विद्यालय, नवगुरु स्कूल, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नेचुरोपैथी कॉलेज जैसे प्रोजेक्ट भी रायगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रायगढ़ में बनेगा कला एवं संगीत महाविद्यालय
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि इसी कार्यकाल में रायगढ़ में एक बेहतर कला एवं संगीत महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए बजट में प्रावधान किया जा चुका है और आगे की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कमला नेहरू पार्क की तर्ज पर अगले पांच वर्षों में रायगढ़ में 10 नए ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में खर्रा घाट में लगभग पांच एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजन गार्डन विकसित किया जाएगा।
कंटेंट क्रिएटर्स के लिए 2 करोड़ का स्टूडियो
रायगढ़ के युवा कंटेंट क्रिएटर्स के लिए भी वित्त मंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि रायगढ़ में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्टूडियो का निर्माण किया जाएगा।इस स्टूडियो से स्थानीय युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा को बेहतर मंच देने में मदद मिलेगी।
पुनर्वासित कलाकारों को 51 हजार रुपये की सम्मान राशि
समापन समारोह में वित्त मंत्री ने कलाकारों का सम्मान भी किया। उन्होंने कलाकार आयुष नामदेव और उनके बैंड को सम्मानित किया।नारायणपुर से आए पुनर्वासित कलाकारों की प्रस्तुति की भी उन्होंने सराहना की और उनके लिए 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। नक्सल संगठन में कमांडर रह चुकीं और पुनर्वास के बाद कला के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जुड़ीं चैती दीदी को उनकी कला प्रस्तुति के लिए शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सांसद और महापौर ने समारोह को बताया रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान: सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि 14 सितंबर से शुरू हुए समारोह में देशभर से आए ख्याति प्राप्त कलाकारों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने चक्रधर समारोह को रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने महाराजा चक्रधर सिंह के कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि चक्रधर समारोह उनकी गौरवशाली परंपरा और कला विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
महापौर जीवर्धन सिंह चौहान ने कहा कि चक्रधर समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि रायगढ़ की कला, संस्कृति और गौरव की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कला उत्सव इसी तरह आने वाली पीढ़ियों तक जारी रहेगा।



