
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी DSP के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले जुलूस के दौरान साइड देने और डीजे की तेज आवाज को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद गणेश समिति से जुड़े लोगों ने ट्रेनी DSP के साथ मारपीट की और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि ट्रेनी DSP निशांत कुर्रे वर्तमान में दरिमा थाना प्रभारी (टीआई) के रूप में पदस्थ हैं।
साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात मणिपुर थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे।इसी दौरान ट्रेनी DSP निशांत कुर्रे अपनी गाड़ी से उसी मार्ग से गुजर रहे थे। वाहन को साइड देने को लेकर विवाद की स्थिति बनी। बताया जा रहा है कि ट्रेनी DSP ने डीजे की तेज आवाज को लेकर भी आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने ट्रेनी DSP के साथ मारपीट शुरू कर दी। उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए गए।पुलिस बल पहुंचा, भीड़ से निकाला गयाघटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मणिपुर थाना से अतिरिक्त बल बुलाया। इसके बाद पुलिस ने ट्रेनी DSP को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और थाने लेकर पहुंची। थाने पहुंचने के बाद घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस विभाग के अधिकारी भी मामले की जानकारी जुटाने में लग गए।
6 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना के संबंध में मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया है। पुलिस आरोपियों की मेडिकल जांच भी करा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के दौरान वे नशे में थे या नहीं। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है। घटना को लेकर विस्तृत वैधानिक जांच जारी है।



