महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर 7 दिन के लिए जेल भेजा गया, ED की कस्टडी अर्जी खारिज

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को CBI कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। आठ दिनों की CBI रिमांड पूरी होने के बाद अदालत ने उसे 7 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। अब सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक रायपुर सेंट्रल जेल में रहेगा। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पेश की गई कस्टडी अर्जी को अदालत ने खारिज कर दिया है।
ED को अपनी विशेष अदालत में जाना होगा
सौरभ चंद्राकर की CBI रिमांड पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान ED ने भी उसे अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए आवेदन दिया था। हालांकि, CBI कोर्ट ने ED की अर्जी स्वीकार नहीं की।
अदालत ने ED को निर्देश दिया है कि वह सौरभ की कस्टडी के लिए अपनी विशेष अदालत में आवेदन करे। ऐसे में अब ED को अलग न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत की अनुमति मांगनी होगी।
पूछताछ में सौरभ ने रवि उप्पल पर बताई लाइजनिंग की जिम्मेदारी
CBI मुख्यालय में आठ दिनों तक चली पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर के बयानों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सौरभ ने महादेव ऐप से जुड़े कथित लाइजनिंग के काम की जिम्मेदारी से खुद को अलग बताया।
बताया जा रहा है कि उसने लाइजनिंग का काम रवि उप्पल द्वारा संभाले जाने की बात कही। वहीं, सौरभ ने कथित तौर पर पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालने की बात स्वीकार की है।
हालांकि, पूछताछ में सामने आए इन बयानों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
शुभम सोनी के वीडियो पर CBI ने किए सवाल
पूछताछ के दौरान CBI ने शुभम सोनी के उस वीडियो का भी हवाला दिया, जिसमें उसने कथित तौर पर दावा किया था कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल उसके अधीन काम करते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जब CBI ने इस वीडियो को लेकर सौरभ से सवाल किया तो उसने शुभम सोनी से ही पूछने की बात कही। इस मामले में सौरभ की ओर से दिए गए जवाबों की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद हुई पूछताछ
गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। भारत पहुंचने के बाद CBI ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया, जहां से आठ दिनों की पुलिस रिमांड मिली थी।
इस दौरान जांच एजेंसी ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन, हवाला कनेक्शन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की।




