भारतीय राजनीति में अनोखी मिसाल: डिप्टी सीएम अरुण साव बने विधायक दूल्हे की बैलगाड़ी के सारथी

बेमेतरा/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अनूठा और चर्चित दृश्य देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव भाजपा विधायक दीपेश साहू की शादी की बारात में बैलगाड़ी के सारथी बने।
बेमेतरा में आयोजित सामूहिक मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर उनकी बारात पारंपरिक बैलगाड़ी में निकाली गई। खास बात यह रही कि राजधानी रायपुर से बेमेतरा पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं बैलगाड़ी की लगाम संभालते हुए दूल्हे विधायक की बारात के सारथी बने।

इस अनोखे दृश्य ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे सादगी, परंपरा और जनसामान्य से जुड़ाव का प्रतीक बताया। बैलगाड़ी में निकली यह बारात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विधायक दीपेश साहू का सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह करने का निर्णय भी लोगों के बीच सराहना का विषय बना।



