CM हेल्पलाइन 1076: अब चलेगा ‘सुशासन चक्र’: 42 विभागों के 8 हजार अफसरों पर जनता की शिकायतों के समाधान की जिम्मेदारी, सीएम हेल्पलाइन 1076 शुरू

रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रदेश में सुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की है। नई व्यवस्था के तहत राज्य के 42 विभागों के करीब 8 हजार अधिकारियों को जनता की शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार अब प्रदेश का कोई भी नागरिक सरकारी योजनाओं, सेवाओं या प्रशासनिक कार्यों से जुड़ी शिकायत और सुझाव सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकेगा। इसके लिए 24×7 टोल-फ्री नंबर 1076, सीएम हेल्पलाइन मोबाइल एप और ऑनलाइन शिकायत पोर्टल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।शिकायत दर्ज होते ही आवेदक को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से वह घर बैठे अपनी शिकायत की स्थिति की निगरानी कर सकेगा। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और शिकायत निवारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।
इस नई व्यवस्था की मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव स्तर से की जाएगी। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निराकरण करना होगा। समय पर कार्रवाई नहीं करने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है।
विशेष बात यह है कि यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो उसे अपनी शिकायत को री-ओपन कर पुनः समीक्षा कराने का अधिकार भी मिलेगा। सरकार का मानना है कि यह व्यवस्था जनता और शासन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासनिक जवाबदेही को भी नई दिशा देगी।




