रायपुर निगम बजट से पहले कांग्रेस आक्रामक, पिछली घोषणाओं और वादों पर उठाए सवाल

रायपुर। नगर निगम रायपुर के बजट 2026-27 से पहले कांग्रेस ने सियासी मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस पार्षद दल की बैठक आज जिला अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन में आयोजित की गई, जिसमें आगामी निगम बजट को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने पिछले बजट में किए गए वादों, दावों और घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस बार बजट सत्र में सत्ता पक्ष से जवाब मांगा जाएगा।
कांग्रेस पार्षद दल ने दावा किया कि बीते बजट में शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं और वार्ड स्तर के कई कार्यों को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका अपेक्षित असर नजर नहीं आया। बैठक में यह भी तय किया गया कि सामान्य सभा में बजट के साथ-साथ अधूरे कार्यों, विकास योजनाओं और वित्तीय प्राथमिकताओं को लेकर सरकार और निगम प्रशासन को घेरा जाएगा।
30 मार्च को पेश किया जाएगा बजट
इधर, नगर निगम रायपुर का बजट 30 मार्च को पेश किया जाएगा। इसके लिए सुबह 11 बजे नगर निगम मुख्यालय भवन के सभागार में सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई है। बैठक सभापति सूर्यकान्त राठौड़ की अध्यक्षता में होगी, जिसमें 17 एजेंडों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक की शुरुआत पिछली सामान्य सभा की कार्रवाई की पुष्टि से होगी, जबकि प्रश्नकाल के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद महापौर मीनल चौबे वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश करेंगी और बजट पर अभिभाषण देंगी।
नियत एजेंडों में नगर विकास कार्यों, नामकरण और अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा की जाएगी। बजट सत्र से पहले कांग्रेस के तेवरों ने साफ कर दिया है कि इस बार निगम की सामान्य सभा में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।




