छत्तीसगढ़

अंबिकापुर से दिल्ली-कोलकाता के लिए हवाई सेवा आज से, CM विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

रायपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए 30 मार्च 2026 एक ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अंबिकापुर) से दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 10 बजे रायपुर से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।

एलायंस एयर का 72-सीटर ATR विमान करेगा संचालन

नई सेवा के तहत एलायंस एयर का 72-सीटर ATR विमान संचालित होगा।दिल्ली फ्लाइट सप्ताह में दो दिन (सोमवार और बुधवार) चलेगी। कोलकाता फ्लाइट भी सप्ताह में दो दिन (गुरुवार और शनिवार) संचालित होगी।

इस शेड्यूल से अंबिकापुर के साथ बिलासपुर की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी और यात्रियों को आने-जाने दोनों दिशाओं में बेहतर सुविधा मिलेगी।

व्यापार, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा लाभ

हवाई सेवा शुरू होने से सरगुजा संभाग सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पूर्वी भारत के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र कोलकाता से जुड़ जाएगा। इससे व्यापार, निवेश, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार मिलेगा।मैनपाट, तातापानी और जलप्रपातों जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। वहीं, गंभीर मरीजों को महानगरों में तेजी से इलाज उपलब्ध कराने में भी यह सेवा मददगार होगी।

48.25 करोड़ से विकसित हुआ एयरपोर्ट

गौरतलब है कि मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास उड़ान योजना के तहत किया गया है। एयरपोर्ट के सिविल और विद्युतीकरण कार्यों के लिए 48.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है, जिससे अब ATR जैसे बड़े विमान यहां उतर सकेंगे।

करीब 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट पर 72 यात्रियों के अनुरूप टर्मिनल भवन, 100 वाहनों की पार्किंग और फोरलेन सड़क जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button