CG News: नवा रायपुर बनेगा टेक्सटाइल हब: 235 करोड़ के निवेश से लगेगी पहली गारमेंट यूनिट, 4650 युवाओं को मिलेगा रोजगार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देते हुए नवा रायपुर के प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया गया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां 235 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे लगभग 4650 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग केवल उत्पादन नहीं बढ़ाता, बल्कि हजारों युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार करता है। सरकार का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर पलायन रोकना और प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर भविष्य देना है।


आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। निवेशकों को बिजली, पानी, सड़क, आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएंगी।
81 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक टेक्सटाइल पार्क
नवा रायपुर में 81 एकड़ में विकसित किए जा रहे टेक्सटाइल पार्क में टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट, तकनीकी वस्त्र और सहायक उद्योगों के लिए आधुनिक सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। यहां सड़क, ड्रेनेज, बिजली, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, ईटीपी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी विश्वस्तरीय अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
तीन कंपनियों को मिला भूखंड, 445 करोड़ का निवेश
स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी टेक्सटाइल पार्क में भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इन तीनों कंपनियों द्वारा कुल 445 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है, जिससे 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है
नई औद्योगिक नीति से निवेशकों का बढ़ा भरोसा
राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट्स को थ्रस्ट सेक्टर घोषित किया गया है। नीति के तहत महिला कर्मचारियों के लिए 6 हजार रुपये और पुरुष कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपये प्रतिमाह तक रोजगार सहायता का प्रावधान किया गया है। नई नीति लागू होने के बाद पिछले 18 महीनों में राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 1.6 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
नवा रायपुर का यह टेक्सटाइल पार्क छत्तीसगढ़ को मध्य भारत के प्रमुख टेक्सटाइल और रोजगार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




