छत्तीसगढ़राजनीति

CG BJP News: भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में निर्णय, संत रविदास 650वीं जयंती पर प्रदेशभर में कार्यक्रम, 15 अगस्त को हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् बाइक रैली

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आगामी सामाजिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़े अभियानों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में संत रविदास की 650वीं जयंती और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए भाजपा की एक विशेष टीम वाराणसी जाएगी, जहां से संत रविदास स्मारक की पवित्र मिट्टी और जल लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचेगी। इस पवित्र मिट्टी और जल को प्रदेश के विभिन्न देवस्थलों तक पहुंचाया जाएगा तथा मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी बड़े स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। भाजपा प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी, जिसके तहत लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इसके अलावा ‘वंदे मातरम्’ बाइक रैली का आयोजन भी किया जाएगा। इस रैली के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि इन कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और संत रविदास के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश संगठन जल्द ही सभी जिला इकाइयों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search