CG NEWS: उच्च शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, अब 31 अगस्त तक कॉलेजों में प्रवेश

रायपुर – छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के शासकीय और निजी महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी गई है। यह सुविधा उन कॉलेजों में लागू होगी, जहां अभी भी सीटें रिक्त हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई विद्यार्थी व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले पाए। ऐसे में सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की निर्धारित तिथि निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो।
मंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अतिरिक्त अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कॉलेज में प्रवेश ले लें।
इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग ने प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 और कुलपति की अनुमति से प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की थी। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त थीं। वहीं, दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कई विद्यार्थी भी समय पर प्रवेश नहीं ले सके।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने छात्रहित में प्रवेश की तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया है। विभाग की ओर से इस संबंध में विधिवत आदेश भी जारी कर दिया गया है।
विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण: जिन कॉलेजों में सीटें रिक्त हैं, वहां इच्छुक विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।




