
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम को लेकर दिल्ली से लेकर राज्यों तक सियासी हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि किसी भी समय नई टीम का ऐलान हो सकता है। इस टीम में छत्तीसगढ़ के भी दो प्रमुख नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है।
सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन की नई टीम में युवा और अनुभवी चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जा सकती है। सबसे अहम चर्चा महिला प्रतिनिधित्व को लेकर है। पार्टी की नई टीम में करीब 33 प्रतिशत महिला पदाधिकारियों को जगह दिए जाने की बात सामने आ रही है।
कई महामंत्रियों की हो सकती है छुट्टी
सूत्रों के अनुसार नई टीम के गठन के साथ कई मौजूदा महामंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल के नई टीम में बने रहने की चर्चा है।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलें हैं। सूत्रों का दावा है कि उन्हें महामंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, इन नामों और जिम्मेदारियों की आधिकारिक पुष्टि नई टीम के ऐलान के बाद ही होगी।
छत्तीसगढ़ के नेताओं को भी मिल सकती है जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ के लिहाज से भी भाजपा की नई टीम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश के दो प्रमुख नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। खासतौर पर सोशल मीडिया और महिला मोर्चा से जुड़े संगठनात्मक पदों पर छत्तीसगढ़ के नेताओं की भूमिका बढ़ने की चर्चा है।
हरीश द्विवेदी के नाम की भी चर्चा: नई टीम में हरीश द्विवेदी को महामंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है। उन्हें ब्राह्मण चेहरे के तौर पर संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
युवा चेहरों पर भी भाजपा का फोकस
हाल के Gen-Z आंदोलन को देखते हुए भाजपा की नई टीम में युवा चेहरों को अधिक जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी युवाओं की बदलती राजनीतिक सोच और उनकी प्राथमिकताओं को समझने के लिए संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ा सकती है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी युवा मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में भाजपा की रणनीति में युवाओं को साधने और उनके बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने पर विशेष जोर दिए जाने की चर्चा है।हालांकि, नई टीम में किसे कौन सी जिम्मेदारी मिलेगी, इसे लेकर अंतिम तस्वीर भाजपा की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।




