छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेगा नया चीफ जस्टिस, जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा के नाम की अनुशंसा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस के तौर पर जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा के नाम की अनुशंसा की गई है। फिलहाल जस्टिस मोहपात्रा ओडिशा हाईकोर्ट के सीनियर जज हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उनके नाम की अनुशंसा की है।
4 सितंबर को रिटायर होंगे जस्टिस रमेश सिन्हा
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मौजूदा चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा 4 सितंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की कमान संभाल सकते हैं। नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नए चीफ जस्टिस के पदभार ग्रहण की स्थिति स्पष्ट होगी।
संजय के. अग्रवाल बनेंगे राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस
वहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सीनियर जज जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाए जाने की अनुशंसा की गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ओर से दोनों नियुक्तियों को लेकर अनुशंसा जारी की गई है।
कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद अब केंद्र सरकार की प्रक्रिया और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद नियुक्ति की औपचारिकता पूरी होगी।




