जूनियर डॉक्टर्स की हड़ताल टली, स्वास्थ्य मंत्री बोले- स्टायफंड बढ़ाने पर एक हफ्ते में आएगा सकारात्मक निर्णय

रायपुर। 21 सितंबर से प्रस्तावित जूनियर डॉक्टर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल को 7 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जूनियर डॉक्टर्स की मांगों के निराकरण के लिए 7 दिन का समय मांगा। उन्होंने मांगों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मेडिकल छात्रों के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सकारात्मक निर्णय लेंगे। उन्होंने मेडिकल छात्रों के स्टायफंड बढ़ाने के मामले में भी सकारात्मक निर्णय आने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर इस मामले में सकारात्मक परिणाम आएगा।इसके बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने आज यानी 21 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल 7 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया है।




