छत्तीसगढ़

NSS स्थापना दिवस पर CM साय का युवाओं से आह्वान- विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के निर्माण में दें योगदान, हमारी सरकार युवाओं का विश्वास जीतने में कामयाब रही

रायपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के राज्यस्तरीय स्थापना दिवस के अवसर पर पंडित दिनदयाल ऑडिटोरियम आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने NSS के स्वयंसेवकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना देश के लाखों युवाओं को राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा से जोड़ने का बड़ा अभियान बन चुकी है। इस अवसर पर सीएम साय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं पर बहुत भरोसा है। उनका मानना है कि युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण के लिए सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए लगातार प्रेरित करते हैं। NSS भी युवाओं में इसी सेवा भावना को विकसित करने का काम करती है।

‘NSS से मिले संस्कार जीवन में बहुत दूर तक काम आते हैं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि NSS से जुड़े स्वयंसेवकों को उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को छोटा नहीं समझना चाहिए। समाज सेवा के दौरान लोगों की समस्याओं को समझने और जिम्मेदारी लेने की आदत विकसित होती है। यही अनुभव आगे चलकर जीवन में बहुत काम आता है।

उन्होंने कहा कि NSS से मिले संस्कार और सेवा भावना युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्री मनसुख मांडविया का उदाहरण देते हुए कहा कि वे भी विद्यार्थी जीवन में NSS के स्वयंसेवक रहे हैं।

‘मेरा युवा भारत’ युवाओं के लिए बड़ा मंच

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए ‘मेरा युवा भारत’ का एक बड़ा मंच तैयार हुआ है। इसके माध्यम से युवाओं को कौशल विकास और नई चीजें सीखने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत हमारे युवा हैं। सरकार युवाओं के लिए खेल, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार अवसर बढ़ाने का काम कर रही है।

‘हर परीक्षा पारदर्शी तरीके से कराने का काम कर रहे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद युवाओं का विश्वास जीतने के लिए काम किया गया है। पिछली सरकार ने हर परीक्षा में भ्रष्टाचार करने का काम किया, पैसों में पोस्ट बांटे गए। हमारी सरकार आने के बाद भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया, अब हर परीक्षा पारदर्शी तरीके से हो रही है और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ-साथ नई औद्योगिक नीति में भी रोजगार के प्रावधान किए गए हैं। बारिश खत्म होने के बाद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें निजी क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

आदिवासी युवा हॉस्टल के 13 छात्रों ने पास की UPSC प्री

मुख्यमंत्री ने उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 बच्चों ने UPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास की है। उन्होंने इसे गौरव की बात बताया।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लिए युवाओं से आह्वान

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी की भागीदारी से ही विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search