छत्तीसगढ़
केजी हिल्स के जंगल में मिला विस्फोटकों का जखीरा! जंगल से 711 BGL सेल बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान केजी हिल्स के जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों ने मौके से 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह बरामदगी एफओबी ताड़ापाला से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में हुई है। नक्सलियों ने विस्फोटक सामग्री को जंगल में छिपाकर रखा था। क्षेत्र में अन्य आईईडी और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की भी आशंका जताई जा रही है, एहतियात के तौर पर लोगों को क्षेत्र में जाने से परहेज बरतने की अपील की गई है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस, सीआरपीएफ और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने की है। सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।




