छत्तीसगढ़

मुंगेली कोर्ट में ट्रक चोरी के आरोपी का हाईवोल्टेज ड्रामा! कटघरे से कूदकर जज को दी धमकी, कांच तोड़ने की कोशिश

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान ट्रक चोरी के एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। पुलिस जब आरोपी को रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करने पहुंची, तो उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह कटघरे से कूदकर सीधे पीठासीन अधिकारी के डायस तक पहुंच गया। आरोपी ने पीठासीन अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी और सामने लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और FIR दर्ज कर ली है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

नाम पूछते ही भड़का आरोपी, कटघरे से लगाई छलांग

मामला 16 नवंबर का है। सरगांव थाना में दर्ज ट्रक चोरी के अपराध क्रमांक 189/2026 में गिरफ्तार आरोपी भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को शाम करीब 4:30 बजे रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था।

शिकायत के मुताबिक, जब पुलिसकर्मी आरोपी को कटघरे में खड़ा करने ले जा रहे थे, तब उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा। इसी दौरान उसने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे।

‘इसके बाद आरोपी कटघरे से छलांग लगाकर पीठासीन अधिकारी के सामने लगे कांच के फ्रेम तक पहुंच गया और उसे जोर-जोर से तोड़ने का प्रयास करने लगा। उसने पीठासीन अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

न्यायालयीन कर्मचारी की शिकायत पर FIR

घटना के बाद प्रस्तुतकर्ता शत्रुघन कुमार बेलदार ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोपी के व्यवहार को अपमानजनक बताते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।मामले में मुंगेली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

GPS से पकड़ा गया था चोरी का ट्रेलर

दरअसल, ट्रक चोरी का मामला सरगांव थाना क्षेत्र का है। ट्रक चालक रामखिलावन कुर्मी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 नवंबर को वह गेवरा खदान से 38.650 टन कोयला लोड कर ट्रेलर से रायपुर के वंदना प्लांट जा रहा था।

सुबह करीब 6 बजे उसने सरगांव-पथरिया मोड़ के पास वाहन खड़ा किया और चाय पीने दुकान चला गया। वापस लौटने पर ट्रेलर गायब मिला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान ट्रेलर में लगे GPS सिस्टम की लोकेशन के आधार पर मदकू गांव में घेराबंदी की गई। पुलिस ने मदकूद्वीप चौक के पास चोरी का ट्रेलर बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भगतराम राजपूत बताया। पुलिस ने वाहन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। अब न्यायालय में हंगामा और धमकी देने के मामले में भी आरोपी के खिलाफ अलग से FIR दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search