छत्तीसगढ़

गरियाबंद में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, TI समेत 4 घायल; तीन आरोपी गिरफ्तार

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद, 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर था कब्जा, एक दशक में 1.25 लाख पेड़ों को नुकसान पहुंचने का अनुमान

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के आरसीकन्हार रेंज अंतर्गत करका जंगल में कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया। इस घटना में खल्लारी थाना प्रभारी (TI) टुमनलाल डडसेना सहित चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो महिला वनरक्षक भी शामिल हैं। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

जानकारी के मुताबिक, महादनी नदी के उद्गम स्थल क्षेत्र करका गांव के जंगल में सरकारी वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम पहुंची थी। अभियान में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और अतिक्रमणकारियों ने टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान आगजनी की कोशिश किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

हमले में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता तथा सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती घायल हुए हैं। घटना के बाद वन विभाग की ओर से खल्लारी थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई गई है।

तीन आरोपी हिरासत में

उपनिदेशक वरुण जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में श्यामलाल (55 वर्ष), देवलाल नेताम (40 वर्ष) और योगेश कुमार (28 वर्ष) को अतिक्रमण के आरोप में हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ वन अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जाएगी।

102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण

वन विभाग के अनुसार, करका क्षेत्र में लगभग 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण किया गया था। विभागीय सर्वेक्षण में सामने आया है कि पिछले करीब एक दशक में इस क्षेत्र में लगभग 1.25 लाख पेड़ों की कटाई या उन्हें नुकसान पहुंचाया गया है।

दस साल में चार गुना से ज्यादा बढ़ा अतिक्रमण

वन विभाग के सर्वेक्षण के मुताबिक, वर्ष 2016 में करका क्षेत्र में लगभग 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था। वर्ष 2026 तक यह बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। अतिक्रमण की स्थिति का आकलन पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से किया गया है।

विभागीय आकलन में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के लिए गर्डलिंग की प्रक्रिया भी सामने आई है। इसमें पेड़ों के तने की छाल को चारों ओर से हटा दिया जाता है, जिससे धीरे-धीरे पेड़ सूखने लगते हैं।वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए गए इस अभियान के बाद अब जंगलों की सुरक्षा और सरकारी वनभूमि पर अवैध कब्जे को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search