
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम स्पेन और पुर्तगाल के दौरे पर हैं। इस दौरान वे दोनों देशों में कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और उन्नत कृषि पद्धतियों का अध्ययन करेंगे।
कृषि मंत्री नेताम के साथ विभागीय सचिव और डायरेक्टर भी विदेश दौरे पर हैं। प्रतिनिधिमंडल स्पेन और पुर्तगाल में कृषि से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं का दौरा करेगा। इस दौरान वहां की कृषि व्यवस्था, तकनीकी विकास और नवाचारों की जानकारी ली जाएगी।
विदेश दौरे का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों और बेहतर कृषि प्रबंधन के अनुभवों को समझना है, ताकि छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों के हित में उपयोगी पहल की जा सके।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम आगामी 2 दिसंबर को रायपुर लौटेंगे।
कृषि मंत्री के विदेश दौरे पर दीपक बैज का तंज, बोले- किसानों का धान बर्बाद, मंत्री पिकनिक मनाने गए
छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के स्पेन और पुर्तगाल दौरे को लेकर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कृषि मंत्री के विदेश दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री छत्तीसगढ़ के विकास के लिए नहीं, बल्कि वहां टाइम पास करने और पिकनिक मनाने गए हैं।
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में तूफान के चलते किसानों की धान की फसल बर्बाद हो गई है, लेकिन कृषि मंत्री रामविचार नेताम की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है और सरकार इस व्यवस्था को संभालने में नाकाम नजर आ रही है।
पीसीसी चीफ ने कहा कि इससे पहले मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री भी विदेश दौरे पर जा चुके हैं। लेकिन इन दौरों से प्रदेश को क्या फायदा हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। अब कृषि मंत्री स्पेन और पुर्तगाल जाकर क्या हासिल करेंगे?
दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश के किसान संकट में हैं और धान खरीदी व्यवस्था में अव्यवस्था बनी हुई है, ऐसे समय में कृषि मंत्री का विदेश दौरा कितना जरूरी है?




