CG Bulletin EXCLUSIVE: खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का रास्ता साफ, खेल दिवस से पहले जारी होगी सूची

रायपुर। राज्य के पदक विजेता एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का वर्षों से लंबित मामला अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। वर्ष 2018-19 से लंबित इस प्रक्रिया पर राज्य सरकार अगले सप्ताह अंतिम निर्णय ले सकती है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक 30 जून को प्रस्तावित है। इस बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है। इसके बाद खेल दिवस या उससे पहले सरकार इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
इस संबंध में विभागीय समिति की पहली बैठक 20 जून को आयोजित की जा चुकी है, जिसमें लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। उल्लेखनीय है कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की अंतिम सूची वर्ष 2014 में जारी हुई थी। इसके बाद से यह प्रक्रिया लंबित चली आ रही थी।
वहीं, खेल अलंकरण समारोह 2023-24 एवं 2024-25 की पूरी प्रक्रिया खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय द्वारा पूर्ण कर प्रस्ताव मंत्रालय को भेज दिया गया है।खेल विभाग के अनुसार, उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के दौरान कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। विस्तृत जांच और पात्रता परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया है।
गौरतलब है कि राज्य शासन ने विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए दो प्रतिशत पद आरक्षित कर रखे हैं। ऐसे में समिति के अंतिम निर्णय के बाद लंबे समय से इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को सरकारी सेवा का अवसर मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उनका उचित अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्षों से लंबित प्रक्रिया को अंतिम चरण में पहुंचा दिया गया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली समिति की बैठक के बाद नियमानुसार अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पात्र खिलाड़ियों की सूची जल्द जारी की जाएगी- अरुण साव, खेल मंत्री