छत्तीसगढ़

इंद्रावती की बाढ़ ने बदली तस्वीर: कहीं डूबे रास्ते-खेत, तो कहीं मछलियों और केकड़ों से ग्रामीणों को अतिरिक्त आमदनी

जगदलपुर। इंद्रावती नदी ने इस बार बस्तर के किसानों और ग्रामीणों के सामने बाढ़ की दो अलग-अलग तस्वीरें पेश की हैं। बाढ़ का पानी खेतों, सड़कों और रपटों तक पहुंचने से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं दूसरी ओर यही पानी ग्रामीणों के लिए मछलियों और दूसरे जलचरों की सौगात भी लेकर आया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मछली और केकड़े पकड़ने नदी किनारे पहुंच रहे हैं।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

बताया जा रहा है कि ओडिशा की ओर से आई बाढ़ के पानी के साथ इंद्रावती नदी में टेंगना, रोहू और कतला समेत कई प्रजातियों की मछलियां पहुंची हैं। नदी किनारे बसे ग्रामीण इन मछलियों को पकड़कर अपनी जरूरत के अनुसार घर में रख रहे हैं, जबकि अतिरिक्त मछलियों को स्थानीय बाजार में बेचकर आमदनी कर रहे हैं। त्योहारों के मौसम में यह ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया बन गया है।

कहीं सड़क और खेत डूबे, तो कहीं मछलियों ने बढ़ाई कमाई

इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से बेलगांव क्षेत्र में पानी सड़क और रपटे के ऊपर पहुंच गया। इससे आसपास के इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ। नगरनार स्टील प्लांट और आसपास के क्षेत्रों की आवाजाही पर भी बाढ़ का असर पड़ा।जगदलपुर के पास पुराने पुल पर भी नदी का पानी चढ़ गया, जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर आवागमन रोकना पड़ा। हालांकि हाई लेवल ब्रिज से यातायात जारी रहा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली।

बाढ़ के पानी से नदी किनारे के कई खेत भी प्रभावित हुए हैं। धान की फसल पानी से घिरने के कारण किसानों को नुकसान की चिंता है। हालांकि दूसरी ओर नदी में आई मछलियों ने ग्रामीणों को आर्थिक राहत का एक अवसर भी दिया है।

घट रहा जलस्तर, राहत की उम्मीद

अब इंद्रावती नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने लगा है। पानी घटने के साथ प्रभावित इलाकों में सामान्य स्थिति लौटने की उम्मीद बढ़ी है। प्रशासन और स्थानीय लोग भी नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।

इंद्रावती बस्तर के लिए सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि यहां के जीवन और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। बारिश के मौसम में यही नदी कभी बाढ़ का खतरा बनकर सामने आती है तो कभी मछली, केकड़े और दूसरे जल संसाधनों के जरिए ग्रामीणों की आजीविका का सहारा बनती है। इस बार भी इंद्रावती ने बस्तर में अपने इसी दोहरे रूप की तस्वीर दिखाई है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search