छत्तीसगढ़

जंगल में पीछा कर पुलिस ने पकड़ा शराब से भरा ट्रक, एक करोड़ की 800 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त

मोहला-मानपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमपी से महाराष्ट्र भेजी जा रही थी अवैध खेप; अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब एक करोड़ रुपए मूल्य की 800 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शराब की यह बड़ी खेप मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी। तस्कर इसे छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के गढ़चिरौली सीमा क्षेत्र में खपाने की तैयारी में थे।

एसपी वायपी सिंह, एएसपी पीताम्बर पटेल और एएसपी डीसी पटेल ने बताया कि तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए लंबा और सुनियोजित मार्ग चुना था। ट्रक नागपुर, देवरी, चिचोला, राजनांदगांव, अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर और औंधी होते हुए महाराष्ट्र पहुंचने वाला था।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मानपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। संदिग्ध अंबिकापुर पासिंग सफेद ट्रक का जंगल क्षेत्र में पीछा कर उसे रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे अंतर्राज्यीय नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी गई है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search