Raipur News: कल हर्षोल्लास के साथ निकलेगी भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा, 24 जुलाई को होगी बाहुड़ा यात्रा

14 जुलाई को नेत्रोत्सव, गायत्री नगर मंदिर में तैयारियां पूरी; राज्यपाल और मुख्यमंत्री निभाएंगे ‘छेरा पहरा’ की परंपरा
रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की विश्वविख्यात रथयात्रा 16 जुलाई को पूरे धार्मिक उल्लास और भव्यता के साथ निकलेगी। वहीं 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा का आयोजन होगा। रथयात्रा से पहले 14 जुलाई की शाम 6 बजे भगवान श्री जगन्नाथ का नेत्रोत्सव संपन्न होगा। मंदिर समिति ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र तथा माता सुभद्रा के तीनों दिव्य रथ आकर्षक श्रृंगार के साथ तैयार हैं।

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा भक्त और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में केवल इसी अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सांस्कृतिक एकता और सनातन परंपराओं का प्रतीक है।
रथयात्रा के दिन सुबह 11 वैदिक पंडितों द्वारा विशेष अभिषेक, पूजन और हवन कराया जाएगा। भगवान का चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर से दिव्य स्नान कराया जाएगा तथा पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच भगवान अपने दिव्य रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस दौरान परंपरा के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की ऐतिहासिक सेवा करेंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा के दौरान महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक झांकियां, पारंपरिक लोकनृत्य और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहेगा। मंदिर सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित इस भव्य आयोजन में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।




