
प्रभारी बनने के बाद पहला दौरा, भव्य स्वागत की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी और लोकसभा सांसद सुखदेव भगत 27 से 29 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें करेंगे। दौरे के कार्यक्रम के मुताबिक संगठन को लेकर कई अहम बैठकें प्रस्तावित है.
27 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे
सुखदेव भगत 27 सितंबर, रविवार को नई दिल्ली से फ्लाइट के जरिए रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर करीब 2:05 बजे स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे राजीव भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय जाएंगे। शाम 5:30 बजे राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक प्रस्तावित है। दिनभर के कार्यक्रम के बाद उनका रात्रि विश्राम रायपुर में रहेगा।
28 सितंबर को जिला कांग्रेस अध्यक्षों से बैठक
दौरे के दूसरे दिन यानी 28 सितंबर को सुखदेव भगत की दिनभर संगठनात्मक बैठकें होंगी।सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ बैठक होगी। इसके बाद फ्रंटल ऑर्गनाइजेशन और विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक प्रस्तावित है।शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक कनेक्ट सेंटर टीम के साथ बैठक होगी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक ढांचे को लेकर ब्रीफिंग दी जाएगी। रात 8 बजे कांग्रेस विधायकों के साथ डिनर और चर्चा का कार्यक्रम रखा गया है।
29 सितंबर को वरिष्ठ नेताओं और PCC पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा
दौरे के अंतिम दिन 29 सितंबर को सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। दोपहर 12 बजे PCC अनुशासन समिति की बैठक होगी।इसके बाद दोपहर 1 बजे से शाम 4:30 बजे तक वरिष्ठ नेताओं के साथ वन-टू-वन बैठकें प्रस्तावित हैं।
शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक कोर कोऑर्डिनेशन बैठक होगी। इसमें सुखदेव भगत के अलावा छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिव एसए संपत कुमार, AICC सचिव रजनी रजा लाठलंग, AICC संयुक्त सचिव विजय जांगिड़, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित अन्य नेता शामिल होंगे।
29 सितंबर की शाम दिल्ली रवाना होंगे
कार्यक्रम के अनुसार शाम 6:30 बजे चाय के साथ दौरे का समापन होगा। इसके बाद सुखदेव भगत शाम 7:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और रात 9:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
संगठन पर रहेगा फोकस
सुखदेव भगत के तीन दिवसीय दौरे में जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठकें रखी गई हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों, विभागों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग चर्चा का कार्यक्रम होने से इस दौरे में संगठनात्मक गतिविधियों पर विशेष फोकस रहने की संभावना है।




