CEC पर CM साय का बड़ा बयान, बोले- चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था, SIR से फर्जी मतदाताओं की छंटनी हो रही तो इसमें क्या बुराई है?

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने CEC के मसले पर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री साय ने चुनाव आयोग का बचाव करते हुए कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उसमें विचार-विमर्श होते हैं और अंततः सर्वसम्मति से ही कोई निर्णय होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि SIR के जरिए फर्जी मतदाताओं की छंटनी हो रही है, तो इसमें क्या बुराई है।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से भी मुलाकात की। किरण सिंह देव हाल ही में लंबे इलाज के बाद छत्तीसगढ़ लौटे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “छत्तीसगढ़ भाजपा के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव जी स्वास्थ्य लाभ लेकर कल छत्तीसगढ़ वापस आए हैं। आज उनसे मुलाकात हुई, वो सकुशल हैं।”किरण सिंह देव के सड़क हादसे के बाद लंबे समय तक दिल्ली में इलाज चलने के बाद उनके छत्तीसगढ़ लौटने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रायपुर में उनका स्वागत किया था।
झीरम घाटी फैसले पर बोले- निर्णय का स्वागत होना चाहिए
झीरम घाटी मामले में अदालत के फैसले को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस मामले की सुनवाई करीब 13 वर्षों तक चली और 100 से अधिक गवाहों की गवाही के बाद निर्णय आया है। ऐसे में निर्णय का स्वागत किया जाना चाहिए।झीरम घाटी मामले में अदालत के हालिया फैसले के बाद मुख्यमंत्री साय पहले भी इसे न्याय की जीत बता चुके हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से इस फैसले और जांच को लेकर अलग-अलग सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मामले के कथित बड़े षड्यंत्रकारियों तक जांच पहुंचना बाकी है।
संगठन में बदलाव पर बोले- सतत प्रक्रिया
भाजपा संगठन में हुए बदलाव को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संगठन में बदलाव एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा, “पवन साय ने लंबे समय तक छत्तीसगढ़ संगठन को मजबूत रखा है। अब उनके स्थान पर कर्मवीर जी आ रहे हैं, तो उनके मार्गदर्शन में हम लोग काम करेंगे।”




