बिलासपुर ब्रेकिंग: तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में पेंट पुट्टी फैक्ट्री में भीषण आग, पूरी फैक्ट्री जलकर खाक

बिलासपुर। तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अनव इंडस्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री उसकी चपेट में आ गई। फैक्ट्री में पेंट और पुट्टी जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कई दमकल वाहनों की मदद से लगातार पानी और फोम का छिड़काव किया जा रहा है। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और इलाकों को सतर्क कर दिया गया है, ताकि आग फैलने की स्थिति में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री परिसर के आसपास आवाजाही को सीमित कर दिया गया है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है।




